चुनाव में भाजपा का दबदबा, सपा ने बेईमानी करने का लगाया आरोप

बरेली । जिले की सात सहकारी गन्ना समितियों के सभापति व उपसभापति चुनाव में बृहस्पतिवार को भाजपा का परचम लहराया। सभी समितियों में भाजपा समर्थक और पदाधिकारी ही निर्वाचित हुए। समाजवादी पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। बेईमानी करने का आरोप लगाया। कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से सपा समर्थकों के पर्चे खारिज कर दिए गए।
बरेली में कुल आठ समितियां हैं। भोजीपुरा, नवाबगंज, फरीदपुर, बरेली, भुड़िया अमरिया, मीरगंज, बहेड़ी की चुनाव प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। सेमीखेड़ा समिति के लिए उप सभापति पद का चुनाव शुक्रवार को होगा। सभापति यहां डीएम होते हैं। ऐसे में संचालक मंडल के सदस्य उपसभापति का ही चुनाव करते हैं।
सत्ता के इशारे पर प्रशासन ने कराई बेईमानी: सपा
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप का कहना है कि किसानों का हमें समर्थन था बावजूद सपा समर्थकों को डेलीगेट ही नहीं बनने दिया। मनमानी से पर्चे खारिज किए गए। ज्यादातर पदों पर एक ही प्रत्याशी होना यह दिखाता है कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हुआ। जो लोग डेलीगेट बन भी गए उन्हें संचालक का चुनाव ही नहीं लड़ने दिया गया। मीरगंज सहित कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुआ। सत्ता के इशारे पर प्रशासन ने सपाइयों को चुनाव में भागीदारी से रोका है। 2027 के चुनाव में जनता इस बेईमानी और मनमानी का हिसाब करेगी।