खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक विजेता कीर्ति को सांसद डिंपल यादव ने किया सम्मानित

– भारोत्तोलन खिलाड़ी को लखनऊ बुलाकर दो लाख की नकद राशि और मेडल पहनाकर किया सम्मानित
उमाकांत बाथम संवाददाता मैनपुरी
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर बिहार में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी को लखनऊ में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने सम्मानित किया।
उन्होंने छात्रा को दो लाख की धनराशि देकर और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रेरित किया।
नगर के नेशनल इंटर कालेज की छात्रा कीर्ति यादव भारोत्तोलन में कई बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना परचम लहरा चुकी हैं। मई में बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भारोत्तोलन की प्रदेशीय टीम में शामिल कीर्ति ने 76 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। कीर्ति इससे पहले माध्यमिक स्कूलों की राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ वेटलिफ्टर का खिताब जीत चुकी हैं। प्रतिभावान खिलाड़ी कीर्ति को शुक्रवार को मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने लखनऊ बुलाकर सम्मानित किया।
सांसद ने उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्हें दो लाख की राशि और मेडल देकर सम्मानित किया।
कीर्ति ने बताया कि सांसद ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी है। मैनपुरी के प्रबुद्धजनो ने सांसद डिंपल यादव के कार्य की जमकर तारीफ की ।