महिला आयोग की सदस्य ने सीतापुर में की जनसुनवाई

महिलाओं को दिलाया न्याय का भरोसा।
ब्यूरो रिपोर्ट अनूप पाण्डेय
सीतापुर जनपद के उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मा. सुजीता कुमारी बृहस्पतिवार को सीतापुर की सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित हुईं, जिसमें 24 शिकायतें प्राप्त हुयीं। उन्होंने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आईं महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाना महिला आयोग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं। कई पीड़िताओं ने अपनी शिकायतें महिला आयोग को लिखित रूप में भी सौंपीं। सुजीता कुमारी ने कहा कि महिला आयोग इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि महिला आयोग एक वैधानिक संस्था है जो राज्य में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए कार्य करती है। आयोग समय-समय पर जनसुनवाई, जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण अभियान चलाता है, जिससे महिलाओं की समस्याओं को समझा जा सके और उनका त्वरित समाधान हो सके।
मा0 सुजीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। उन्हें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़ा होना चाहिए। महिला आयोग हर उस महिला के साथ खड़ा है जो अपने हक के लिए लड़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि आयोग न केवल पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाता है बल्कि उन्हें परामर्श, कानूनी सहायता और मानसिक सहयोग भी उपलब्ध कराता है। आयोग की यही कोशिश रहती है कि कोई भी महिला अकेली महसूस न करे और उसे पूरा सहयोग मिले।
कार्यक्रम के अंत में महिला आयोग की टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि और शिकायतकर्ता भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई का समापन महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ।
तत्पश्चात उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मा0 सुजीता कुमारी काशीराम कालोनी में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर 03 बच्चों का अन्नप्रासन एवं 02 महिलाओं की गोद भरायी भी की। उन्होंने वहां पर उपस्थित महिलाओं से वार्ता करते हुये दिये जाने वाले पोषाहार की भी जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने उपस्थित महिलाओं से महिला उत्पीड़न से बचाव हेतु सरकार द्वारा किये जा रहे महिलाओं के लिये किये जा रहे प्रयासों एवं योजनाओं के बारे में बताया।