आईजी के आदेश पर हटाए गए कर्नलगंज कोतवाल श्रीधर पाठक,तेज प्रताप सिंह को मिली जिम्मेदारी

अनीता यादव प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, हेमंत कुमार बने थानाध्यक्ष परसपुर,तमाम शिकायतों पर हटाई गई महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह।
अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा। जिले के कोतवाली कर्नलगंज में लंबे अरसे से जमे और अपनी निरंकुश कार्यशैली और अपराध पर अंकुश लगाने में असफल साबित होने के साथ ही विवादों से घिरे कोतवाल श्रीधर पाठक को आखिरकार काफी जद्दोजहद के बाद हटा दिया गया है। उन्हें अपराध शाखा भेजा गया है। इसी के साथ पांच निरीक्षक और एक उप निरीक्षक का भी तबादला किया गया है। वहीं परसपुर के थानाध्यक्ष रहे तेजप्रताप सिंह को कर्नलगंज कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवीपाटन क्षेत्र के आईजी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। श्रीधर पाठक के स्थान पर तेज प्रताप सिंह को कोतवाली करनैलगंज का नया कोतवाल नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जिले में पांच निरीक्षकों और एक उप-निरीक्षक के तबादले भी किए गए हैं,जिससे पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। तबादले के तहत महिला थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह को भी हटा दिया गया है। उनके खिलाफ कई शिकायतें मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। उनकी जगह अनीता यादव को महिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, हेमंत कुमार को थाना परसपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। इन तबादलों का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, श्रीधर पाठक और प्रतिभा सिंह के खिलाफ लंबे समय से स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों द्वारा शिकायतें दर्ज की जा रही थीं। इन शिकायतों में कार्यशैली और जनता के प्रति जवाबदेही में कमी और अपराध पर अंकुश ना लगा पाने जैसे मुद्दे शामिल थे। आईजी ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और उनके निर्देश पर एसपी विनीत जायसवाल ने जनहित और प्रशासनिक हित में नए अधिकारियों की नियुक्ति के साथ व्यवस्था में सुधार के दावे किये हैं। नए कोतवाल तेज प्रताप सिंह और अन्य नियुक्त अधिकारियों से जनता को बेहतर कानून-व्यवस्था और त्वरित न्याय की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सभी नव नियुक्त अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे कदम भविष्य में भी उठाए जाएंगे। यह तबादला जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।