सास,बहू ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा कर की खुदकुशी, गांव में पसरा मातम

अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक परिवार में दोहरी त्रासदी हो गई। लक्ष्मणपुर लालनगर में सास-बहू ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगा ली। बहू संगीता (35) ने शुक्रवार शाम को अपने घर में टीन शेड के पाइप से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। घटना के समय वह अकेली थी। उसकी सास छोटका (65) पड़ोस में एक शादी समारोह में गई थी। जब ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो कमरे में जाकर देखा। संगीता( 35) फांसी पर लटकी थी और उसका डेढ़ साल का बेटा चारपाई पर रो रहा था। लोगों के मुताबिक सास ने जब बहू को फांसी पर लटका देखा तो वह गांव से करीब 500 मीटर दूर नहर के पास चली गई। वहां एक शीशम के पेड़ पर साड़ी से फंदा बनाकर उन्होंने भी जान दे दी। पेड़ महज 5 फीट ऊंचा और 15 इंच मोटा था। मृतका संगीता के पति मुंबई में मजदूरी करते हैं। उनका ससुर बृजलाल लकवा से पीड़ित हैं और चल-फिर नहीं सकते। एएसपी मनोज कुमार रावत और क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।