विकसित कृषि संकल्प अभियान का मकसद जमीनी स्तर पर किसानों तक नई तकनीक, बीज, उर्वरक और प्रशिक्षण पहुंचाना- डॉO पीO केO कनौजिया

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को किया गया जागरूक
कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बलराम मौर्य / बालजी हिन्दी दैनिक
मया बाजार, अयोध्या | केंद्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के तहत अयोध्या जनपद के मया बाजार तहसील क्षेत्र के नेवकबीरपुर, सारंगपुर, अरवत सहित कई गांवों में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और जैविक खेती के लाभों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में डॉ. पी. के. कनौजिया, उप कृषि निदेशक, अयोध्या, ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा:
> “सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सतत प्रयासरत है। विकसित भारत संकल्प अभियान का मकसद जमीनी स्तर पर किसानों तक नई तकनीक, बीज, उर्वरक और प्रशिक्षण पहुंचाना है। किसान प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं का भरपूर लाभ लें।”
शैलेंद्र प्रताप सिंह, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, सदर, ने कहा:
> “आज का किसान तकनीक से जुड़ चुका है। हम चाहते हैं कि हर किसान स्मार्ट खेती की ओर बढ़े। विभाग की ओर से प्रशिक्षण, बीज और जैविक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को चाहिए कि वे विभागीय योजनाओं से सीधे जुड़ें।”
डॉ एस पी सिंह प्रधान वैज्ञानिक भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ अपने संबोधन में कहा:
> “फसलों को कीट और रोगों से बचाने के लिए नियमित निगरानी और वैज्ञानिक सलाह लेना अत्यंत आवश्यक है। जैविक कीटनाशकों और एकीकृत कीट प्रबंधन तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज की गुणवत्ता में सुधार ला सकते हैं।”
किसानों में दिखा उत्साह, कई विशेषज्ञ रहे मौजूद इस कार्यक्रम में किसानों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं साझा कीं और तकनीकी समाधान प्राप्त किए। किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे पीएम-किसान, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा परीक्षण, बीज वितरण और उर्वरक अनुदान की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर रामविचार वर्मा, विनय सिंह कुशवाहा, सुनील राजभर, राम प्रताप, प्रदीप कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह, डॉ. राम गोपाल, रमा शंकर सिंह, सीता शरण, निखिल वर्मा, तथा अनिल कुमार (प्रभारी, राजकीय कृषि बीज भंडार, मया बाजार) सहित अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ सैकड़ो किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों को नि:शुल्क कृषि साहित्य और तकनीकी पर्चे वितरित किए गए। साथ ही, कई किसानों ने मौके पर ही योजनाओं के लिए आवेदन भी किए।