महिलाओं से स्कीम के नाम पर ज्वेलरी और बर्तन की ठगी, आरोपी महिला फरार……

मोहनलालगंज। लखनऊ, राजधानी लखनऊ के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र के माती इलाके में एक महिला ने फर्जी स्कीम का झांसा देकर दर्जन भर से अधिक महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया। आरोपी महिला ने खुद को किसी कंपनी की प्रतिनिधि बताकर महिलाओं से सोने-चांदी के जेवरात और बर्तन ऐंठ लिए और फिर फरार हो गई। पीड़ित महिलाएं अनुसूचित जाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की हैं।जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने बड़ी चालाकी से ठगी की योजना को अंजाम दिया। शुरुआत में वह महिलाओं से पुराने टूटे-फूटे बर्तन लेकर बदले में नए बर्तन देती थी। इसके बाद उसने महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए सोने का लॉकेट लेकर अगले दिन लॉकेट के साथ 700 रुपये भी लौटा दिए। इस भरोसेमंद व्यवहार ने महिलाओं के बीच उसकी छवि एक ईमानदार कंपनी प्रतिनिधि की बना दी। बीते 5 मई को महिला ने एक फर्जी स्कीम के तहत एक दर्जन से अधिक महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनसे कीमती जेवरात और बर्तन इकट्ठा कर लिए। ठगी का शिकार हुई महिलाओं में मंजू देवी, अंजू देवी, रामदुलारी और अन्य कई महिलाएं शामिल हैं। इनसे सोने के झाले, टॉप्स, मंगलसूत्र, पायल, चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लिए गए। बीते 6 मई को जब वह महिला वापस नहीं लौटी, तो महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर माती पुलिस चौकी प्रभारी अभिराम शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि महिला की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ठग महिला की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की कोशिशें की जा रही हैं।